भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के कुरौंध गांव में छह हजार से ज्यादा यूकेलिप्टस के पेड़ चोरी से कटवा लेने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थाना क्षेत्र के खसरौल निवासी प्रमोद कुमार मिश्रा ने पुलिस से शिकायत की है। बताया कि गांव में उनकी 16 बीघा भूमि है। कुछ वर्ष पहले लगवाए गए 6386 यूकेलिप्टस के पेड़ तैयार हो चुके थे। हर पेड़ की कीमत छह सौ रुपये से एक हजार रुपये के बीच थी। आरोप है कि बरवा खुर्द निवासी गोवर्धन मौर्या, गोपाल मौर्या और उर्मिला मौर्या ने पेड़ों को कटवाकर लकड़ी उठवा ली। पेड़ों की देखरेख करने वाले कर्मचारियोें ने इसका विरोध किया तो धमकाकर भगा दिया। प्रमोद का आरोप है कि सबूत मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने पेड़ों के अवाशेषों में आग लगा दी और जेसीबी से जड़ें तक खोद डालीं। कर्मचारियों ने घटना का वीडियो भी बना लिया। प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।