हरदोई। ड्यूटी में लापरवाही पर यूनिसेफ ने बिलग्राम और हरपालपुर के छह सफाई कर्मियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित की है। यूनिसेफ की तरफ से संचारी रोग नियंत्रण अभियान की मॉनीटरिंग में कर्मियों की तरफ से काम न किए जाने की रिपोर्ट भी दी गई है।
डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि यूनिसेफ ने बुधवार को अभियान की मॉनीटरिंग में पाया कि बिलग्राम के जरसेनामऊ में किसी प्रकार की साफ-सफाई नहीं की गई है। हरपालपुर की ग्राम पंचायत औहदपुर तिगवां के सनझारा गांव में भी किसी प्रकार की साफ-सफाई नहीं की गई। संचारी रोग नियंत्रण अभियान पांच अक्तूबर से चल रहा है। बताया कि उनके स्तर से साफ-सफाई का रोस्टर भी जारी किया गया है। उसी के अनुसार काम किया जाना प्रस्तावित किया गया है।
कर्मियों की तरफ से नियमित रूप से सफाई नहीं की जा रही है, जिससे ग्राम पंचायत में गंदगी है। बताया कि यूनिसेफ के प्रतिनिधि की तरफ से बिलग्राम में तैनात सफाई कर्मी गीता, अशोक कुमार आजाद, यशवंतलाल और प्रदीप कुमार और हरपालपुर में तैनात सफाई कर्मी विपीन कुमार और प्रभु के निलंबन की संस्तुति मिली है। छह सफाई कर्मियों के विरुद्ध निलंबन की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है।