हरदोई। गांवों में कराए जाने वाले काम और उनके भुगतान में जिम्मेदार अभी भी मनमानी कर रहे हैं। ई-ग्राम स्वराज पोर्टल गेट-वे से बाहर से भुगतान के मामले में छह ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिवों से जवाब तलब किया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सभी को नोटिस दिया है।
ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर गेट-वे से किए जाने वाले भुगतान के लिए दी गई व्यवस्था की ऑनलाइन समीक्षा पंचायतीराज विभाग की तरफ से की जा रही हैं। निदेशालय और जनपद स्तर पर ऑनलाइन समीक्षा में छह ग्राम पंचायतों को गेट-वे से बाहर भुगतान किए जाने में चिह्नित किया गया। ग्राम पंचायतों के जिम्मेदारों ने पंचायतीराज विभाग की तरफ से गेट-वे से बाहर भुगतान पर रोक लगाए जाने के बावजूद भी नवंबर माह में भुगतान किए हैं। इसमें टोडरपुर की सलेमपुर राय, माधौगंज की सेलापुर, अहिरोरी की बक्सापुर, टड़ियावां की पाटकुआं और भरिगवां और कोथावां की महुआकोला शामिल हैं।
डीपीआरओ ने गेट-वे से बाहर भुगतान किए जाने में चिह्नित ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिवों को नोटिस दिया है। इसमें तीन दिन के अंदर गेट-वे से बाहर किए गए भुगतान के संबंध में साक्ष्य सहित जवाब मांगे हैं। चेतावनी दी कि जवाब न आने पर संबंधित पंचायत सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी।