हरदोई। साहब! जेठ-जेठानी पूरे परिवार को परेशान करते हैं। उन लोगों ने परिवार के साथ ही गांव के लोगों को भी परेशान कर रखा है। जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
यह बातें सुरसा क्षेत्र की एक महिला ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान से महिला सुनवाई में कहीं। महिला ने शिकायती पत्र देते हुए बताया कि जेठ-जेठानी परिवार के सदस्यों को परेशान करते हैं। गांव के लोगों को भी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हैं। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाए। महिला सुनवाई में 17 शिकायतों आईं। अध्यक्ष ने शिकायतों को निस्तारित किए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंपा। कहा कि महिला उत्पीड़न संबंधी वादों को त्वरित निस्तारित करने का प्रयास करें। इस मौके पर आयोग की सदस्य एकता सिंह, एएसपी सुबोध गौतम, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट डॉ. अरूणिमा श्रीवास्तव, डीपीओ संजय निगम, सीओ सिटी अंकित मिश्रा सहित महिला थानाध्यक्ष और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
-
सरकारी अस्पतालों के गेट रात में भी नहीं किए जाएंगे बंद
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह ने स्वामी विवेकानंद सभागार में बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने महिला कल्याण से जुड़े विभिन्न विभागों के कार्यक्रम-योजनाओं की समीक्षा की। पुलिस विभाग की समीक्षा में कहा कि बालिका व महिला से छेड़छाड़, मारपीट और दुष्कर्म जैसे अपराध में आरोपी पर कठोर कार्रवाई की जाए। ग्राम पंचायत, ब्लाॅक और नगरीय निकायों में जागरूकता कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा की जानकारी दी जाए। महिला उत्पीड़न संबंधी वादों को त्वरित निस्तारित करने का प्रयास करें। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मेडिकल काॅलेज का गेट रात में बंद की जानकारी पर नाराजगी जाहिर की। निर्देश दिए कि मेडिकल काॅलेज और सरकारी अस्पतालों के गेट रात में भी बंद नहीं किए जाएंगे सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित चिकित्सा अधिकारी की तरफ से 24 घंट के लिए गार्ड की व्यवस्था कराई जाएगी। अधिक से अधिक लोगों को आयुष्मान कार्ड का लाभ दिए जाने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की समीक्षा में कहा कि अभियान चलाकर स्कूलों में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए।
-
23 कन्याओं का जन्मोत्सव मनाया
हरदोई। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान और सदस्य एकता सिंह बुधवार को जिला महिला अस्पताल पहुंचीं। कन्या जन्मोत्सव में 23 कन्याओं के जन्मोत्सव में शामिल हुईं। उन्होंने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की। पांच नवजात शिशुओं का अन्न प्राशन संस्कार कराया। अस्पताल में जन्मी कन्याओं को सुरक्षा किट प्रदान की गई जिसमें शिशु देखभाल से जुड़ी आवश्यक सामग्री शामिल रहीं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में कन्या जन्म के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. जेबी गोगोई, सीएमओ डॉ. भवनाथ पांडेय, सीएमएस महिला अस्पताल डॉ. सुबोध कुमार, पुरुष अस्पताल डॉ. चंद्र प्रकाश, ईएमओ डॉ. शेर सिंह, इमरजेंसी प्रभारी डॉ. अमित आनंद, डॉ. अंकुर श्रीवास्तव व डॉ. अभिरव अवस्थी आदि मौजूद रहे।