फोटो 11-अतर्रा तहसील में शिकायत सुनते डीएम जे.रीभा।
अतर्रा (बांदा) । तहसील में आयोजित समाधान दिवस में डीएम जे.रीभा ने समस्याएं सुनीं। किसान रामभवन ने कहा कि साहब, एक साल से नलकूप में बिजली कनेक्शन के लिए दौड़ रहा हूं, लेकिन नहीं मिल रहा है। वहीं, शंभू ने कहा कि बेटा बीमार है इलाज के लिए पैसा नहीं है, आयुष्मान कार्ड बनवा देयो तो बेटे की जान बच जाय।
सपा जिला उपाध्यक्ष विवेक तिवारी ने शिकायत में बताया कि बदौसा के हडहा रोड, बंगाली पुरवा में लोक निर्माण विभाग सड़क का निर्माण करा रहा है। लेकिन इसमें 500 मीटर नाली का निर्माण अधूरा पड़ा है। भाकियू के जिलाध्यक्ष महेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि राशन की दुकान में घटिया स्तर का चावल दिया जा रहा है।
जुलाई से सितंबर के बीच महुआ, जखनी, सहेवा, बहोरा पुरवा, घरौडा, खुरहंड, जमरेही, रहुसत, अधरोरी, दुरईमाफी गांवों की राशन की दुकानों में भेजे गए चावल की जांच कराए जाने की मांग की। इस पर डीएम ने मातहतों को कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा शिकायतों का समाधान मौके पर जाकर किया जाए।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग व ईओ नगर पालिका को सड़क किनारे नाली बनवाने के निर्देश दिए। एसपी पलाश बंसल आदि मौजूद रहे। सदर तहसील में तहसीलदार व अपर पुलिस अधीक्षक ने शिकायतें सुनीं। बबेरू में उपजिलाधिकारी अविनाश त्यागी व सीओ सौरभ सिंह ने समस्याएं सुनीं। 66 में छह शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसीलदार कुमार गौरव, नायब तहसीलदार मनोहर सिह, खंड विकास अधिकारी आदि मौजूद रहे। नरैनी में एसडीएम व सीओ ने समस्याएं सुनी। अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ शिकायतों का इसी सप्ताह निस्तारण करने के आदेश के साथ प्रार्थना पत्र सौंपे।