हरदोई। साहब! घूरा, बठिया ओर चकरोड पर कब्जा कर फसलें बोयी जा रही हैं। करीगनगर सैदापुर के मजरा नारायनपुर निवासी राकेश कुमार ने डीएम राहुल पांडेय को दिए शिकायती पत्र में बताया कि सरकारी भूमि पर लोगों ने कब्जा कर लिया है। इससे ग्रामीणों को दिक्कतें होती हैं।
सदर तहसील सदर में शनिवार को डीएम की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। यहां पर राकेश कुमार की ही भांति हासबरौली निवासी राजेश आदि ग्रामीणों ने गांव के अंदर गली पर कब्जा किए जाने की शिकायत की। कहा कि इससे पहले भी शिकायती पत्र दे चुके हैं, लेकिन कार्रवाई न होने से गलियों पर कब्जा कर उन्हें बनने भी नहीं दिया जा रहा है।
ऐसे ही चक निवासी कुलदीप गुप्ता ने गांव की खराब स्ट्रीट लाइट, झबरापुरवा निवासी नंदकिशोर वर्मा ने सड़क और नाली बनवाए जाने, कोरीया गांव के रूपराली ने खराब फसल का सर्वे कराने, बड़ौआ के सतेंद्र कुमार ने प्रधान के कार्यों की जांच कराने के लिए शिकायती पत्र दिया। वहीं प्राथमिक विद्यालय कोटरा के निलंबित प्रधानाध्यापक विनोद कुमार ने खंड शिक्षाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। डीएम ने शिकायतों के सुनने के साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही न बरती जाए।
एसपी एके मीणा ने पुलिस से संबंधित शिकायतों को सुना। वहीं मिशन शक्ति फेज 6.0 का शिविर लगाया गया। डीएफओ जेबी शैडें, सीएमओ डॉ. भावनाथ पांडेय, पीडी अशोक कुमार मौर्य, सीवीओ डॉ. एके सिंह, डीएसटीओ डॉ. रामप्रकाश, डीडीओ कमलेश कुमार आदि मौजूद रहे।
फोटो 39: सदर तहसील में जनसुनवाई करते डीएम राहुल पांडेय, एसपी एके मीणा व अन्य। संवाद
फोटो 39: सदर तहसील में जनसुनवाई करते डीएम राहुल पांडेय, एसपी एके मीणा व अन्य। संवाद