फोटो 22: संडीला में आमजन की शिकातयों को सुनते डीएम अनुनय झा, साथ में एसपी एके मीणा व अन्य अधि
संडीला। साहब! कई बार शिकायती पत्र दे चुके और प्रयास भी किया लेकिन अभी तक भूमि की पैमाइश नहीं की गई। इससे हिस्से की भूमि और रकबा स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुनय झा ने की। डीएम ने लोगों की शिकायतों को सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
बेगमगंज गांव निवासी वीरेंद्र कुमार सुमन ने अपने भाई पर ही हिस्सा न देने का आरोप लगाया। शिकायती पत्र देकर बताया कि भाई ने धोखाधड़ी कर मां का अंगूठा लगाकर भूमि बेच दी। हिस्से के रुपये भी नहीं दे रहे। कई बार शिकायत थाने में कर चुके हैं। वहीं मोहल्ला सिद्धार्थनगर निवासी ब्रजेश वाजपेयी ने बताया कि उनके पिता रमेश वाजपेयी ने एक भूमि ग्राम हकीमपुर में खरीदी थी। जिसकी नाप होनी है कई बार शिकायत के बाद भी भूमि की नाप नहीं हो पा रही है।
डीएम ने शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। 166 शिकायतें दर्ज की गईं। एसपी एके मीणा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया, क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह, तहसीलदार अमित यादव, अधिशासी अधिकारी अनुरुद्ध कुमार, सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
सवायजपुर में संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। यहां 31 शिकायतें दर्ज की गईं इसमें एक शिकायत का ही निस्तारण मौके पर किया गया। इस दौरान एसडीएम मयंक कुंडू, तहसीलदार विनोद कुमार मौजूद रहे।