हरदोई। नवीन फल मंडी के परिसर में प्रधानी व ग्राम पंचायत सदस्यों की मतगणना के दौरान टीन शेड के नीचे वोटों की गिनती के समय प्रत्याशियों की धड़कनें तेज रहीं। सभी प्रत्याशी पल-पल की जानकारी लेते रहे। मतगणना के दौरान अंदर और बाहर सुरक्षा कड़ी रही।
सुबह से ही मंडी परिसर सहित प्रत्येक मतगणना स्थल को छावनी में तब्दील कर दिया गया। बाहर लोगों का जमावड़ा लगा रहा। सभी को नतीजों का इंतजार था। सात बजे के बाद मतपेटिकाओं को निकाल कर टेबिलों पर रखा गया। इसके बाद मतगणना अधिकारी अपने अपने कामों पर लग गए। आला अधिकारी समय समय पर टेबिलों के पास जाकर स्थिति का जायजा लेते रहे।
मतगणना केंद्रों के बाहर हुजूम जमा रहा। बावन ब्लाक की मतगणना को लेकर मंडी परिसर के बाहर गेट पर फोर्स तैनात थी लेकिन सड़क के पार रिजल्ट व रुझान जानने को उत्सुक लोगों का जमावड़ा लगा था। कोई मोबाइल पर लगा हुआ था कि भइया कुछ तो बताओ तो कोई अपने आसपास के लोगों से पूंछ बैठता था कि कुछ पता लगा।