बघौली। थाना क्षेत्र अंतर्गत बघौली चौराहे पर एक ज्वैलरी शॉप और एक मेडिकल स्टोर को चोरों ने निशाना बना लिया। ज्वैलरी शॉप से एक किलो चांदी के जेवर, 25 हजार रुपये और दोनों दुकानों के सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर भी चोरों ने पार कर दिए। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
संडीला कस्बे के गल्ला मंडी निवासी सोनी की ज्वैलरी शॉप बघौली चौराहे पर है। शनिवार की शाम रोज की तरह दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। रविवार की सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे, तो शटर टूटा मिला। दुकान से एक किलो चांदी, नौ हजार रुपये और सीसीटीवी कैमरे का डीबीआर चोर चोरी कर लिए। इसी दुकान के पास में वीरपाल का मेडिकल स्टोर है। मेडिकल स्टोर से चोर 15 हजार रुपये और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी पर बघौली सीओ विकास जायसवाल और थानाध्यक्ष ज्ञानेश दुबे मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटनाओं का खुलासा कर दिया जाएगा।