हरदोई। रबी फसलों की सिंचाई के लिए नहरों, रजबहों में पर्याप्त पानी किसानों को मिलने की उम्मीद है। जिले की 12 ड्रेनों में सिल्ट सफाई का काम कराया जाएगा। इस पर 105.88 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
रबी फसलों की सिंचाई के लिए किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की कवायद शुरू की गई है। विभाग ने सिल्ट सफाई कराने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। काम पूरा होने के बाद ड्रेनों में पानी का प्रवाह बेहतर होने और किसानों को सिंचाई में सहूलियत की उम्मीद जगी है।
रबी सीजन में गेहूं समेत अन्य फसलों की सिंचाई के लिए पानी की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में ड्रेनों में जमा सिल्ट पानी के प्रवाह में बाधा बनती है। सफाई होने से ड्रेनों की जल निकासी क्षमता बेहतर होगी और जरूरत के अनुसार पानी उपलब्ध होने की उम्मीद है। हालांकि यह तो फसलों की सिंचाई के समय ही तय हो सकेगा।
-
इन ड्रेन में कराई जाएगी सिल्ट सफाई
शारदा नहर विभाग के माध्यम से इन स्थानों पर साइट क्लियरेंस का काम कराया जाएगा। इसमें चठिया ड्रेन पर 8.24 किलोमीटर तक, पारा ड्रेन पर 18.25 किलोमीटर तक, पिहानी ड्रेन पर 19.60 किलोमीटर तक, पेंग ड्रेन पर 14.69 किलोमीटर तक, साखिन ड्रेन पर 12.05 किलोमीटर तक, सिहौना ड्रेन पर 17.90 किलोमीटर तक, बिलग्राम ड्रेन पर 23.14 किलोमीटर तक, कौढ़ा ड्रेन पर 9.86 किलोमीटर तक, भदैचा ड्रेन पर 30.20 किलोमीटर तक और पंडरवा ड्रेन पर 13.27 किलोमीटर तक काम कराया जाएगा। वहीं हरदोई ड्रेन पर 15.40 से 38.35 किलोमीटर के मध्य काम कराया जाएगा।
-
ड्रेनों की सफाई के लिए शासन ने स्वीकृति दी है। काम कराने की प्रक्रिया शुरू कराई गई है। निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू करा दिया जाएगा। -एके चौधरी, अधिशासी अभियंता, शारदा नहर