गवाही के नाम पर कराए हस्ताक्षर, लिया ऋण
- एसपी दफ्तर पहुंच कर महिला ने सुनाई आपबीती
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। चचेरे देवरों ने अपनी भाभी को ऋण लेने के लिए गवाह बनाया फिर उसी आड़ में उसके सारे दस्तावेजों से फर्जीवाड़ा करते हुए उसे जालसाजी का शिकार बना लिया। इतना ही नहीं भेद खुलने पर उसे जान से मार डालने की धमकी दे रहे हैं।
चंदेली गांव के नवीन अवस्थी की पत्नी सोनी मिश्रा ने बताया कि वह बच्चों के साथ शहर के मोहल्ला राधानगर में रहती हैं। पति दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। यहां उसके चचेरे देवर सपन अवस्थी व तपन अवस्थी भी रहते हैं।
सोनी ने बताया कि उसके चचेरे देवर सपन और तपन ने उससे कहा कि वे मकान पर ऋण लेना चाहते हैं। इसके लिए मकान के तीसरे हिस्से की हकदार होने के कारण उसकी गवाही लगेगी। वह लोग उसे आर्यावर्त बैंक शाखा जगदीशपुर (बावन) ले गए और वहीं पर उसके नाम से सारे दस्तावेज तैयार कराते हुए अपना ऋण करा लिया। उसे बाद में पता चला कि उसके नाम पर ऋण लिया गया है। उसने जब रुपये मांबे, तो दोनों मारपीट पर आमादा हो गए और जान से मार डालने की धमकी देने लगे। सोमवार को एसपी दफ्तर पहुंची सोनी ने जालसाजी की शिकायत की। शहर कोतवाल रामकेवल तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।