मझिया में तीन दुकानों से लाखों की चोरी
- एक गोदाम में विफल रहा प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
पिहानी। कोतवाली क्षेत्र के गोपामऊ-पिहानी मुख्य मार्ग पर बेखौफ चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों में चोरी की। इसके बाद एक गोदाम में चोरी का प्रयास किया। चोरों ने दुकानों का शटर और ताला तोड़कर लाखों का माल व नकदी पार कर दी। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
गोपामऊ-पिहानी मुख्य मार्ग पर स्थित मझिया गांव में प्रदीप सिंह की किराना दुकान है। प्रदीप ने बताया कि चोर शटर का ताला तोड़कर 40 हजार रुपये नकद और काउंटर रैक उठा ले गए। इसके बाद चोरों ने दो अन्य दुकानों का शटर उखाड़ दिया। किराना व्यवसायी अंकित गुप्ता ने बताया कि दुकान में चीनी व तेल का का पैसा देने के लिए रखे 1.35 लाख रुपये चोरी हो गए। पड़ोस में उनका गोदाम है, चोरों ने गोदाम का भी शटर उखाड़ दिया, लेकिन गोदाम से माल गायब नहीं है।
पड़ोस में ही अंकित के ताऊ रामकिशोर गुप्ता की परचून की दुकान है, वहां से भी चोर 15 हजार रुपये ले गए। अंकित ने बताया कि सुबह पड़ोसी से जानकारी मिलने पर वह पहुंचा। कोतवाल वेणीमाधव ने बताया कि जांच की जा रही है।