दिल्ली में प्रतियोगिता के दौरान विजेता घोषित होने पर ट्राफी प्राप्त करते शुभम सिंह। अमर उजाला
- फोटो : HARDOI
हरदोई। शहर के मोहल्ला कोयलबाग निवासी शुभम ने दिल्ली में एआईसीआरए की ओर से आयोजित हुई वर्ल्ड रोबोटिक्स चैंपियनशिप में पहला स्थान पाया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों में खुशी की लहर है।
कालोनी के डी/12 निवासी अधिवक्ता रामचंद्र के बेटे शुभम सिंह शोध विद्यार्थी हैं। उनकी मां सुधा जिला महिला अस्पताल में कार्यालय अधीक्षक हैं। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय (हरिद्वार) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुके शुभम सिंह ड्रोन और एयरक्राफ्ट पर शोध कर रहे हैं। शुभम ने बताया कि ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ रोबोटिक्स एंड एयरक्राफ्ट्स (एआईसीआरए) के बैनर तले दिल्ली में 23 से 25 सितंबर के बीच चैंपियनशिप में प्रथम आने पर उन्हें 60 हजार रुपये व प्रशस्ति पत्र मिला।
शुभम ने हाईस्कूल की परीक्षा शहर के बाल विद्या भवन से 74 फीसदी अंकों व इंटरमीडिएट की परीक्षा 81 फीसदी अंकों के साथ उत्तीर्ण की है। बुधवार को दिल्ली से लौटने पर उन्होंने अपनी सफलता अमर उजाला के साथ साझा की।