संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मंगलवार को नवीन गल्ला मंडी स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में कृष्णम वंदे जगत गुरुम् के उच्चारण के साथ योगीराज भगवान श्रीकृष्ण की छठी महोत्सव के रूप में मनाई गई। श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी और लोगों ने भंडारे में कढ़ी-चावल का भोग-प्रसाद ग्रहण किया।
श्रीराम जानकी मंदिर भगवान श्रीकृष्ण का छठी महोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ भगवान श्रीकृष्ण को भोग-प्रसाद लगाया। भक्तों ने अपने व परिवार की सुख-समृद्धि व शांति की प्रार्थना की। छठी महोत्सव में पर भगवान श्री कृष्ण का विधि-विधान से शृंगरी व पूजन-अर्चन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण छठी की रस्म पूरी करते हुए काजल लगाया गया और कढ़ी-चावल का भोग लगाकर नैवेद्य अर्पित किए गए।
श्रीराम जानकी मंदिर के पुजारी मैथिलीशरण शास्त्री ने दोपहर 12 बजे आरती उतारी। इसके बाद स्तुति, भजन, सोहर गाए गए। भंडारा में श्रद्धालुओं ने कढ़ी-चावल का भोग-प्रसाद ग्रहण किया। राकेश अग्रवाल, हरिओम गुप्ता, लवी गुप्ता, संजय गुप्ता, आदित्य गुप्ता, सोनू गुप्ता, खुशीराम गुप्ता, सुशील, मनोज गुप्ता, सुरेश दीक्षित, विनीत पांडे, श्याम सुंदर शुक्ला व गिरजा शंकर गुप्ता आदि बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।