हरदोई। बेसिक शिक्षा, पंचायत, पुलिस, नगर पालिका आदि विभागों के कर्मचारियों के लंबित देय की आख्या विलंब से व अधूरी उपलब्ध होने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने डीपीआरओ और बीएसए को कारण बताओ नोटिस भी जारी करने के निर्देश दिए।
विकास भवन सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कर्मचारी, शिक्षक, पेंशनर की वित्तीय व सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान में विलंब देख नाराजगी जताई।
उन्होंने पंचायत विभाग के पटल सहायक द्वारा जिला स्तरीय प्रकरण को प्रदेश मुख्यालय भेजने पर नाराजगी व्यक्त की। पटल सहायक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई व जिला पंचायत राज अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश एडीएम को दिए।
बेसिक शिक्षा विभाग के पटल सहायक के बैठक से अनुपस्थित रहने पर संबंधित पटल सहायक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने प्रभारी दर्पण सुदेश कुमार दीक्षित को निर्देश दिए कि कर्मचारियों द्वारा वित्तीय एवं सेवा संबंधी प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों को आज ही संबंधित विभागों को प्रेषित करें। संबंधित विभाग द्वारा इन प्रार्थना पत्रों की निस्तारण आख्या 10 दिन में दर्पण प्रभारी को उपलब्ध कराएं जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अगली बैठक में वित्तीय एवं सेवा संबंधी प्राप्त प्रार्थना पत्रों के विभागीय अधिकारी एवं पटल सहायक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। साथ ही जिन पटल सहायकों द्वारा सेवानिवृत्त या सेवारत कर्मचारियों की वित्तीय एवं सेवा संबंधी समस्याओं का समय से निस्तारण नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी कंचन भारती, जिला विकास अधिकारी राजेेंद्र प्रसाद, वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा योगेेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।