हरदोई में ट्रेन हादसे के शिकार सैनिक का पहचान पत्र। संवाद
- फोटो : HARDOI
टोडरपुर (हरदोई)। बेहटागोकुल थाना क्षेत्र में टोडरपुर स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर सैनिक का शव पड़ा मिला। उसकी ट्रेन से कटकर मौत होने की आशंका पुलिस ने जताई है। पहचान पत्र से शव की शिनाख्त हुई। पुलिस ने सैन्य अधिकारियों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
एसओ राकेश आनंद ने बताया कि शुक्रवार सुबह छह बजे टोडरपुर स्टेशन के पास राउंड कर रहे कीमैन ने दो ट्रैकों के बीच युवक का शव पड़ा देख देखकर सूचना दी। शव की तलाशी के दौरान कुमायूं रेजिमेंट का पहचान पत्र मिला। जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त सैनिक गजेंद्र चंद्र (40) पुत्र जयचंद्र निवासी मैहर ज्योति थाना टनकपुर जनपद चंपावत उत्तराखंड के रूप में हुई है।
एसओ ने बताया कि सैन्य अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई है। गजेंद्र चंद्र कुमायूं रेजिमेंट मेघालय में तैनात था। वह छुट्टी पर घर जाते समय हादसे का शिकार हुआ है। एसओ ने बताया कि यात्रा के दौरान किसी ट्रेन से गिरने से उसकी मौत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।