हरदोई। शहर कोतवाली के न्यू सिविल लाइंस में शनिवार सुबह संदिग्ध हालात में गोली लगने से बिजली विभाग के ठेकेदार की पत्नी की मौत हो गई। ससुरालवाले आत्महत्या बता रहे हैं तो मायकेवाले हत्या। मृतका के भाई ने बहनोई पर हत्या का आरोप लगाया है।
न्यू सिविल लाइंस निवासी गीता मिश्रा स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने भतीजे सत्यम मिश्रा को गोद लिया है। सत्यम की शादी अप्रैल 2007 में सीतापुर के मोहल्ला लोहार बाग की दीपिका से हुई थी। इनके दो बच्चे लवन्या (7) और ध्रुव (3) हैं।
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार रात सत्यम व उनकी पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शनिवार सुबह बच्चे स्कूल चले गए। घर में उनकी बुआ गीता मिश्रा थीं। तभी मकान के दूसरी मंजिल के कमरे में गोली चली। गोली की आवाज सुनकर लोग दौड़ पड़े।
सत्यम के मुताबिक घटना के समय वह मोहल्ले की एक दुकान पर गए थे। लौटे तो पता चला कि पत्नी दीपिका मिश्रा उर्फ लाली (32) ने तमंचे से अपनी कनपटी पर गोली मार ली है। तमंचा पास ही पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तमंचा सील कर दिया, लेकिन गोली नहीं मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना की सूचना पर पहुंचे मृतका के भाई शंभू शरण मिश्रा ने सत्यम पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया। शहर कोतवाल भगवान सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। गोली दीपिका ने खुद मारी या किसी और ने, यह जांच से साफ होगा।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने पोस्टमार्टम से पहले एक्सरे कराया, जिसमें गोली नहीं मिली। इससे साफ है कि गोली आरपार हो गई। इसके बाद चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। सूत्र बताते हैं कि दीपिका की कनपटी में दाहिनी ओर 315 बोर की गोली बिल्कुल सटाकर चलाई गई। इससे गोली लगभग 15 सेंटीमीटर का घेरा बनाते हुए निकल गई।
गोली चलते ही मची अफरा- तफरी
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के न्यू सिविल लाइंस में शनिवार सुबह सत्यम मिश्रा के मकान में गोली की आवाज आते ही अफरा- तफरी मच गई। मोहल्ले के लोग जुट गए। ऊपर के कमरे में पहुंचे तो सत्यम की पत्नी दीपिका का शव लहूलुहान पड़ा था।
सत्यम के मुताबिक घटना के समय वह मोहल्ले में ही स्थित एक दुकान पर बैठा हुआ था, जबकि सत्यम की बुआ घर में ही पहली मंजिल पर मौजूद थीं। गोली चलने की आवाज आते ही वह मौके पर पहुंचा। पत्नी का शव देख बदहवास हो गया और बिलखकर रोने लगा। घटना की जानकारी पर मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस को सूचना मिली तो क्षेत्राधिकारी नगर ममता कुरील और शहर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अशोक कुमार घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रात में हुआ था विवाद
सीतापुर शहर के मोहल्ला लोहार बाग में रहने वाली दीपिका की शादी सत्यम से अप्रैल 2007 में हुई थी। दीपिका के दो बच्चे लवन्या (7) और ध्रुव (3) हैं। घटना के समय लवन्या स्कूल गई हुई थी जबकि ध्रुव घर में ही था। परिवार से जुड़े सूत्र बताते हैं कि शुक्रवार रात पति पत्नी के बीच तीखा विवाद हुआ था। दोनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए थे। बताया जाता है कि सत्यम ने दीपिका के चरित्र को लेकर टिप्पणी कर दी, जिसके बाद रात में ही दोनों के बीच बोल चाल बंद हो गई। यह भी पता चला है कि दीपिका की बड़ी बहन से शुक्रवार रात लगभग 2 बजे सत्यम की बात हुई थी। दीपिका की मौत की जानकारी पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंची बड़ी बहन ने सत्यम को जमकर खरी खोटी सुनाई। उन्होंने सार्वजनिक रुप से सत्यम के चरित्र पर सवाल उठाते हुए रात में 2 बजे लगभग एक घंटे तक बात करने का भी उल्लेख किया। दीपिका पांच भाई बहनों में सबसे छोटी थी। जानकारी पाकर उसके भाई शंभूशरण मिश्रा, चंद्रशेखर शरण मिश्रा, बहनें नीलम मिश्रा और पूनम तिवारी भी यहां पहुंच गईं। शंभू शरण मिश्रा ने आरोप लगाया कि सत्यम ने ही दीपिका की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि सत्यम शराब पीने का आदी है।
ठेकेदारी कर बुआ के घर रहता था सत्यम
न्यू सिविल लाइंस के जिस घर में वारदात हुई वह सत्यम की बुआ गीता मिश्रा का है। गीता स्वास्थ्य महकमे में कार्यरत हैं। बताया जाता है कि वह अविवाहित हैं। सत्यम पुत्र ज्ञान प्रकाश मूल रूप से सुरसा के निवासी हैं। गीता मिश्रा ने सत्यम को उसके बचपन से ही गोद ले रखा है। सिविल लाइंस में सत्यम अपनी पत्नी दीपिका दोनों बच्चों और बुआ के साथ ही रहता रहा है। सत्यम बिजली विभाग में ठेकेदारी करता है।
फूट फूट कर रोई मृतका की मां
घटना की जानकारी पर दीपिका की मां सीतापुर में रहने वाली मंजूलता मिश्रा अपने अन्य परिजनों के साथ सिविल लाइंस स्थित घर पहुंचीं। बेटी के कमरे को देखकर वह बिलख पड़ीं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी सत्यम या उसके परिजनों ने उन्हें नहीं दी। दूर के रिश्तेदारों से उनकी बड़ी बेटी को घटना के बारे में पता चला। तब बेटी ने दीपिका की मौत की जानकारी दी।
खुद को गोली मारने की बात कह रहा था सत्यम
पारिवारिक कलह का कारण जो भी रहा हो लेकिन यह चरम पर थी। सूत्र बताते हैं कि रात में जब सत्यम ने दीपिका की बहन से बात की थी तो बार-बार खुद को गोली मार लेने की बात कह रहा था। इस पर दीपिका की बहन ने सत्यम को काफी समझाया था। सुबह दीपिका की गोली लगने से मौत होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने सीज किया कमरा
पुलिस ने उस कमरे को सीज कर दिया है जिसमें दीपिका का शव पड़ा मिला। गोली लगने के कारण इतना खून कमरे में बह गया कि दरवाजों के नीचे से निकलकर लाबी तक में आने लगा। मौके से पुलिस ने तमंचा भी बरामद किया है। दरअसल पुलिस यह नहीं समझ पा रही है कि आखिर दीपिका ने तमंचा चलाया कैसे। यही कारण है कि पुलिस को भी घटना संदिग्ध लग रही है।