- सूचना देने के एक घंटे बाद तक नहीं पहुंचा दमकल वाहन
- आसपास के खेतों पर काम कर रहे किसानों ने पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के गांव ऐरा मजरा ऐराकाकेमऊ में गुरुवार की दोपहर जर्जर हाईटेंशन विद्युत लाइन में शार्ट सर्किट से गेहूं की फसल में आग लग गई। इससे 18 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। किसानों ने अग्निशमन वाहन को सूचना दी, पर वाहन नहीं पहुंचा। खेत में एक घंटा तक आग की लपटें उठती रहीं। आसपास के खेतों पर काम कर रहे किसानों बमुश्किल आग पर काबू पाया।
गांव के किसान शिशुपाल सिंह ने बताया कि खेत के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन काफी जर्जर है। गुरुवार को इसमें शार्ट सर्किट होने से चिंगारी नीचे गेहूं की पकी फसल पर गिर गई। देखते-देखते गेहूं की फसल से आग की लपटें उठने लगीं। खेत से आग की लपट उठती देख आसपास के ग्रामीण आग बुझाने की कोशिश करने लगे।
एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्यूबवेल आदि से लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इस दौरान किसानों की 18 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। किसानों ने बताया कि जर्जर हाईटेंशन विद्युत लाइन के तारों के कारण प्रति वर्ष आग लग जाती है।
राजस्व विभाग को सूचना दी पर अब तक मौके पर कोई नहीं पहुंचा है। वहीं, सूचना देने के बाद भी दमकल वाहन नहीं पहुंचा। थाना प्रभारी निरीक्षक आनन्द नरायन त्रिपाठी ने बताया किसानों की तहरीर पर सूचना दर्ज कर ली गई है।