मल्लावां। क्षेत्र के गंज जलालाबाद में आयोजित दो दिवसीय जल विहार मेला में सोमवार को महिला व पुरुष वर्ग की कुश्ती का आयोजन हुआ। इसमें कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष ने शामिल होकर पहलवानों को प्राेत्साहित किया।
कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने जमकर दांव पेंच दिखाए और अपनी प्रतिद्वंद्वी को पछाड़ कर धूल चटाई। विजेताओं को कुश्ती संघ अध्यक्ष ने पुरस्कृत भी किया।जल विहार मेला में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व सांसद बृज भूषण सिंह ने फीता काटकर किया।
पूर्व सांसद ने कहा कि ऐसे आयोजनों से गांवों के खिलाड़ियों की प्रतिभा में निखार आता है। कुश्ती सनातन से खेला जा रहा है। इस खेल को देवताओं ने भी खेला है। खेल के लिए किसी उपकरण की आवश्यकता नहीं है। मिट्टी में खेल कर पहलवान मिट्टी के साथ जुड़कर मेडल अपने नाम कर लाते हैं।
दंगल में रेलवे कर्मी पहलवान विनेश कुड़ू व गाजीपुर के प्रदीप यादव के बीच कुश्ती की शुरुआत हुई। जिसमें प्रदीप यादव ने जीत दर्ज की। विभिन्न भार वर्ग में पुरूष वर्ग में 30 पहलवानों के बीच क्वाटर फाइनल, सेमी फाइनल और फाइनल की कुश्ती हुई। फाइनल 80 किग्रा भार वर्ग में गाजीपुर के प्रदीप और रेलवेकर्मी गोरखपुर के शिवम के बीच हुई कुश्ती हुई। इसमें शिवम ने जीत दर्ज की।
50 किग्रा भार वर्ग में मोनू व आकाश के बीच फाइनल हुआ। इसमें मोनू ने जीत दर्ज की। महिलाओं में 55 किग्रा भार वर्ग में 28 महिला पहलवानों के बीच 10 कुश्तियां लड़ी गईं। फाइनल में वाराणसी की कशिश ने गौतमबुद्ध नगर की रिया नागर को धूल चटाई। विजयी पहलवानों को पूर्व सांसद ने नरेश दीक्षित के साथ पुरस्कृत किया। इस मौके पर भाजपा नेता अभय शंकर शुक्ला, विशाल जायसवाल, रमा , संपूर्णानंद सिंह, समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
हेलीकॉप्टर देखने को उमड़ी भीड़
कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 12:22 बजे गांव में उतरा। यहां से उनका काफिला गांव के एक मंदिर पहुंचा। मंदिर में उन्होंने दर्शन व पूजन किया। करीब एक बजे दंगल स्थल पर पहुंचे। करीब एक घंटे तक चले दंगल में पहलवानों के दांवपेच देखे। विजेताओं को पुरस्कार देने के बाद वह दो बजे लौट गए। इस दौरान हेलीकॉप्टर को देखने के लिए ग्रामीणों का जमावड़ा लगा रहा।