हरदोई। पति की मौत के बाद उनके नाम की भूमि पर नामांतरण (वरासत) की फरियाद लेकर आई महिला की डीएम अनुनय झा ने पूरी तल्लीनता से बात सुनी। योजनाओं के लाभ की जानकारी ली तो बताया कि अभी तक कोई लाभ नहीं मिल पाया है। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों से नाराजगी भी जाहिर की और निर्देश दिए कि वरासत के साथ ही महिला और बच्चों को अन्य योजनाओं के भी लाभ दिलाएं जाएं।
विकास खंड हरिवायां निवासी पूनम अपने तीन बच्चों के साथ बृहस्पतिवार को जनसुनवाई में डीएम को प्रार्थना पत्र देकर पति स्व. पप्पू की भूमि में अपना और बच्चों का नामांतरण कराने की बात कही। इस पर डीएम ने महिला से पति की मौत सहित अन्य योजनाओं और कार्यक्रमों के लाभ के संबंध में पूछा। महिला ने कोई लाभ न मिलने की बात बताई।
उन्होंने हरियावां के खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि मृतक पप्पू का तत्काल जांच कर मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाए। महिला को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना से पात्रता की जांच कर लाभांन्वित कराया जाए। दो बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और पुत्री को कन्या सुमंगला योजना में लाभान्वित कराया जाए। वहीं पात्रता के आधार पर निराश्रित महिला पेंशन सहित अन्य योजनाओं के भी लाभ दिलाए जाएं। महिला से कहा कि बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान दें।
डीएम की जनसुनवाई में आईं 61 शिकायतें
डीएम अनुनय झा ने बृहस्पतिवार को आमजन की समस्याओं को सुना। बताया कि जन सुनवाई में 61 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों से त्वरित और गुणवत्तापरक निराकरण के लिए कहा गया है। इस मौके पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट डॉ. अरुणिमा श्रीवास्तव सहित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।