पचदेवरा (हरदोई)। पचदेवरा थाना क्षेत्र में पाली-पचदेवरा मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों नेे पैदल जा रहे दो दोस्तों को टक्कर मार दी। घटना में चारों युवक घायल हो गए। इनमें से बाइक सवार एक युवक की बरेली ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना को लेकर तहरीर मृतक के पिता ने पचदेवरा थाने में दी है।
शाहजहांपुर जनपद के कांठ थाना क्षेत्र के कौंढ़ा गांव निवासी विद्या प्रकाश पांडेय ने बताया कि शनिवार को उनका पुत्र अभिषेक पांडेय (18) अपने बड़े भाई की ससुराल कुर्रियाकला गया था। कुर्रियाकला निवासी सोनू सिंह उसे अपनी बाइक से पचदेवरा थाना क्षेत्र के अनंगपुर गांव ले जा रहा था।
पाली पचदेवरा मार्ग पर सोनू ने पैदल जा रहे खेरिया निवासी गोलू (20) और सरोज (21) को टक्कर मार दी। घटना में गोलू और सरोज घायल हो गए। घटनास्थल से 500 मीटर आगे जाने के बाद सोनू और अभिषेक की भी हालत बिगड़ गई।
जानकारी पर विद्या प्रकाश मौके पर पहुंचे और सोनू और अभिषेक को शाहजहांपुर के अस्पताल में भर्ती कराया। यहां अभिषेक की हालत गंभीर हाेने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर बरेली जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई।
पचदेवरा के प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र पांडेय ने बताया कि सोनू के खिलाफ लापरवाही से बाइक चलाकर दुर्घटना कर देने और इसमें दो लोगों के घायल होने व एक की मौत हो जाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।