बिजली विभाग की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे को न्योता
दे सकती है। शहर के कई स्थानों पर गिरने की कगार पर खड़े विद्युत पोलों से
भले ही अधिकारी अंजान हों, पर विभागीय कर्मचारी सब कुछ देखते हुए भी पोलों
को दुरुस्त करने के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
जिले में
बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही से आम जनता को हर
समय हादसों के साय में रहना पड़ रहा है। शहर में कई स्थानों पर बिजली के
पोल बिलकुल गिरने की कगार पर खड़े हैं। पोल के नीचे फाउंडेशन टूट गए तथा
खंभे नीचे से गल जाने की वजह से पोल एक ओर झुक गए हैं।
ऐसे में बिजली के
पोलों के गिरने का अंदेशा हर समय बना रहता है। जर्जर विद्युत पोलों के
संबंध में वैसे तो अधिकारियों को भले ही अधिक जानकारी न हो। पर,
कर्मचारियों को इस संबंध में कई बार अवगत कराया जा चुका है, जबकि कई बार तो
प्रार्थना पत्र भी दिए गए हैं।
इसके बावजूद पोलों को सही करने की ओर ध्यान
नहीं दिया जा रहा, जिससे लोगों में हर समय डर बना रहता है। घंटाघर रोड पर
भी लगा विद्युत पोल अब गिरने की कगार पर है, पर अभी इसे सही नहीं किया गया।
इस बाबत एसडीओ सत्येंद्र पांडेय ने जर्जर पोलों का सर्वे करवाकर उन्हें
दुरुस्त कराने की बात कही है।