संडीला। मालगाड़ी से गेहूं चोरी करने के मामले में संडीला आरपीएफ ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को जेल भेज दिया गया है।
छह जुलाई की रात पंजाब से गेहूं लेकर मिर्जापुर जा रही मालगाड़ी से काकोरी और आलमनगर रेलवे स्टेशन के बीच 93 बोरी गेहूं चोरी हो गया था। इसमें से 89 बोरी गेहूं उसी दिन दोनों स्टेशनों के बीच में पड़ने वाले दशहरी गांव के पास रेलवे लाइन के किनारे से बरामद हुए थे। आरोपियों की तलाश के लिए आरपीएफ ने टीम गठित की थी। टीम ने काकोरी के पास से राजू रावत के बाग में मलिहाबाद थाना क्षेत्र के इशापुर निवासी अरविंद कुमार और रामदीन दुबग्गा थाना क्षेत्र के समर्थनगर निवासी राजू रावत, मलिहाबाद थाना क्षेत्र के फरीदीपुर निवासी संजय, रहिमाबाद थाना क्षेत्र के कटौली निवासी मोहम्मद इरफान और नफीस, मलिहाबाद के आरखबाद निवासी दिलीप को चार बोरी गेहूं और चार बाइक के साथ गिरफ्तार किया है।
संडीला स्थित आरपीएफ थाना के प्रभारी निरीक्षक कलीमुद्दीन अहमद ने बताया कि सभी को जेल भेज दिया गया है। बरामद बाइकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।