कामिसपुर थाना क्षेत्र के भटौली गांव में आग से एचटी लाइन टूटने से जली गेहूं की फसल।
- फोटो : amarujala
कासिमपुर/ माधौगंज। अलग-अलग थाना क्षेत्र में शनिवार को आग लगने से करीब सात बीघा गेहूं की फसल जल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के भटौली गांव निवासी राजकुमार के खेत के ऊपर से एचटी लाइन के तार निकले हैं। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एचटी लाइन का तार टूटकर गिर गया। इससे गेहूं की फसल में आग लग गई।
आग की लपटें उठती देख आस-पास के खेतों में मौजूद किसान पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। शोरगुल सुनकर ग्रामीण भी पहुंच गए। लेकिन तब तक राजकुमार की एक बीघा गेहूं की फसल जल गई।
उधर, माधौगंज थाना क्षेत्र के पहुंतेरा गांव निवासी गणेश के बाद में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आस-पास के खेतों में काम कर रहे किसान पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
लेकिन आग की लपटें बाग के आस-पास के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल तक फैलने लगी। इस दौरान ग्रामीणों की सूचना पर दमकल की तीन गाड़ियां पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। आग से गजोधर की तीन बीघा गेहूं की फसल व रामलोटन, कानकुमार, लालाराम, श्रवण, व तौले प्रसाद की करीब तीन बीघा फसल जल गई।