फोटो-26-सुब्रत श्रीवास्तव। फाइल फोटो
हरदोई। संवाद न्यूज एजेंसी के वरिष्ठ पत्रकार अनूप श्रीवास्तव के पुत्र सुब्रत श्रीवास्तव का शनिवार तड़के लखनऊ मेडिकल कॉलेज में निधन हो गया। वह 22 वर्ष के थे। बीते बुधवार की शाम सुब्रत को खांसी आ रही थी। शुक्रवार सुबह ऑक्सीजन लेवल कम होने पर उन्हें हरदोई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। दोपहर में उनको लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर उनका उपचार शुरू हो गया था और कुछ ही घंटों में सुधार भी दिखने लगा था लेकिन सुबह लगभग पौने तीन बजे अचानक सुब्रत की तबीयत बिगड़ी और फिर उनका निधन हो गया।
अनूप के दो पुत्र और एक पुत्री में सुब्रत सबसे बड़े थे। उनके निधन की जानकारी पर डीएम अनुनय झा, सीडीओ सान्या छाबड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने शोक जताया। परियोजना निदेशक एके मौर्या, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार रवि प्रकाश सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. राम प्रकाश उनके सिंधुआमऊ स्थित पैतृक आवास पर शोक जताने पहुंचे। दोपहर बाद गांव में ही सुब्रत का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार और संभ्रांत लोग मौजूद रहे।