हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी इसरो के जूनियर वैज्ञानिक की पत्नी से चाकू के बल पर लूट करने वाले नकाबपोश बदमाशों की सुराग के लिए पुलिस हर तरीका अपना रही है।
आसपास के सभी मोबाइल नंबरों पर सर्विलांस की निगाहें हैं। वहीं, बृहस्पतिवार को भी पुलिस आसपास के घरों और मुख्यमार्गों की दुकानों मेें लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालती रही, लेकिन 72 घंटे बाद भी पुलिस नाकाम रही।
शहर के मोहल्ला पीतांबरगज निवासी शशांक द्विवेदी उर्फ छोटू इसरो में जूनियर वैज्ञानिक हैं। मंगलवार को देर शाम उनकी पत्नी मुस्कान घर में अकेली थी। इसी दौरान नकाबपोश एक महिला व दो पुरुष मकान के अंदर घुस आए थे।
तीनों ने मुस्कान को चाकू दिखाकर पेट पर लात मार दी थी। इसके बाद बदमाश नकदी व जेवर लूट ले गए थे।
वारदात के खुलासे के लिए एसपी राजेश द्विवेदी ने सर्विलांस, स्वाट, क्राइम ब्रांच समेत 6 टीमें लगाईं हैं। दो दिनों से टीमें मोहल्ले के मकान के आसपास घरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
बृहस्पतिवार को भी टीमें घरों व मार्गों की दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी देखती रही। घटना के 72 घंटे बाद भी टीमों के हाथ खाली हैं। वहीं, खुुलासा पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।
इसके लिए पुलिस तमाम तरीके अपना कर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, सर्विलांस टीम के निशाने पर आसपास के सभी मोबाइल नंबर हैं।
कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि खुलासे के लिए टीमें प्रयासरत है। बदमाशों की सुरागरसी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।