विद्युत ट्रांसफार्मर बदलने में कराही उपकेंद्र के
कर्मचारियों पर सुविधा शुल्क की मांग करने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है।
कराही उपकेंद्र से जुड़े पुन्नियां गांव के तमाम उपभोक्ताओं ने एसडीओ को
शिकायती पत्र देकर जांच की मांग करते हुए नया ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग
की।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजकर शिकायत की
है। कराही उपकेंद्र से जुड़े पुन्नियां गांव निवासी अमित कुमार, नीलम
सिंह, शेर मोहम्मद, कैलाश कश्यप, राम विलास समेत अन्य उपभोक्ताओं ने बताया
कि उनके गांव का विद्युत ट्रांसफार्मर काफी दिनों से फुंका पड़ा है, जिससे
गांव में विद्युत आपूर्ति नहीं आ रही है।
पर उपभोक्ताओं के बिजली के बिल आ
रहे हैं। उन्होंने कहा कि फुंके ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए कराही
उपकेंद्र पर जाकर शिकायत भी की। पर, वहां के कर्मचारियों ने नया
ट्रांसफार्मर लगाने के लिए तीन हजार रुपये सुविधा शुल्क की मांग की। बताया
कि जब उन लोगाें ने सुविधा शुल्क देने से मना कर दिया, तो कर्मचारियों ने
बिना सुविधा शुल्क दिए विद्युत ट्रांसफार्मर बदलने से मना कर दिया।
ग्रामीणों ने उप खंड अधिकारी द्वितीय को प्रार्थना पत्र देकर जांच करवाने
और नया विद्युत ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की। उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी
और मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजा है। इस दौरान रिंकू शुक्ला, रफीक
अहमद, हरिभजन और राजीव शुक्ला आदि मौजूद थे।