बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के बाद बर्बाद हुई फसलों
का मुआवजा किसानों को तत्काल दिलाए जाने की मांग को लेकर भाकियू अराजनैतिक
के पदाधिकारियों और किसानों ने शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर
धरना दिया। इस दौरान खफा भाकियू पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक ज्ञापन
जिलाधिकारी को सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान कलक्ट्रेट परिसर
में धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के
जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण आर्य ने कहा कि जिले की जिन-जिन ग्राम सभाओं के
गांवों के किसानों को फसल का मुआवजा नहीं मिला है, उन्हें तत्काल फसल
बर्बादी का मुआवजा दिलाया जाए।
उन्होंने कहा कि विकास खंड अहिरोरी की ग्राम
सभा कुइयां में सरकारी राशन का वितरण नहीं हुआ है, इसलिए राशन कोटेदार के
खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। जिलाध्यक्ष आर्य ने कहा कि बावन के ग्राम सराय
में काफी समय से नालियों की सफाई नहीं हुई, जिससे संक्रामक रोग फै लने के
आसार प्रबल हो गए हैं।
इस दौरान किसानों ने कलक्ट्रेट में जोरदार
नारेबाजी भी की तथा जिलाधिकारी रमेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर अमल
कराए जाने की मांग की। दिए गए ज्ञापन में उक्त मांगों के अलावा विकास खंड
अहिरोरी की ग्राम सभा विक्टोरिया गंज में बिजली की स्थिति सुधरवाने, यहां
के माइनर की सफाई कराए जाने एवं कलक्ट्रेट परिसर में ही धरनास्थल पर लगे
हैंडपंप को सही कराए जाने की मांगे भी शामिल हैं।
इस मौके पर कमला, अशोक
राठौर, रामऔतार, कमलेश और रामपाल आदि किसान और भाकियू कार्यकर्ता मौजूद थे।