हरदोई। जिला स्तरीय 75वीं माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मंगलवार को श्री देवी दयाल इंटर कॉलेज सुभानखेड़ा के मैदान पर कई प्रतियोगिताएं हुईं। दूसरे दिन दौड़ समेत गोला, चक्का और भाला फेंक की प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।
एथलेटिक्स की दूसरे दिन प्रतियोगिताओं की शुरुआत सरस्वती पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। एथलेटिक्स के खेलों में बालक व बालिका वर्ग की अलग अलग प्रतियोगिताएं हुईं। इसमें सीनियर वर्ग की पांच हजार मीटर की दौड़, जूनियर की तीन हजार मीटर की दौड़ कराई गई।
सभी वर्ग में 200 मीटर दौड़, भाला फेंक, ट्रिपल जंप, चार सौ मीटर लो हर्डिल, 110 मीटर हाई हर्डिल प्रतियोगिता, 100 मीटर लो हर्डिल, ऊंची कूद, 1500 मीटर दौड़ और चक्का प्रक्षेपण की प्रतियोगिता आयोजित हुई। एथलेटिक्स की प्रतियोगिताओं में जिले भर के 55 माध्यमिक विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व क्रीड़ा सचिव अवधेश त्रिपाठी व सह संयोजक प्रवक्ता राजबीर सिंह ने किया।