पंचायत को संबोधित करते भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष मनीष यादव। संवाद
- फोटो : HARDOI
बेनीगंज। ग्राम सलेमपुर के पास स्थित बड़े मैदान में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) लोकतांत्रिक ने पंचायत की। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष मनीष यादव के सामने पंचायत में पदाधिकारियों ने एसडीएम सदर पर गुरुवार को हरदोई में युवा जिलाध्यक्ष पुनीत मिश्रा से अभद्रता करने का मामला उठाया। इस पर नाराजगी जताई। दोपहर बाद तक किसी अधिकारी के मौके पर न पहुंचने से नाराज पदाधिकारियों ने पंचायत स्थल पर ही अनिश्चितकालीन प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष मनीष यादव ने कहा कि भाकियू का काम जन/किसान समस्याओं को प्रमुखता से उठाना है। पदाधिकारी इस काम को पूरी तन्मयता से कर रहे हैं। कहा कि युवा जिलाध्यक्ष के प्रस्तावित किसान पंचायत को रोकने के लिए एसडीएम सदर ने जो प्रयास किया है, संगठन उसका विरोध करता है।
कहा कि युवा जिलाध्यक्ष को पुलिस के माध्यम से हरदोई बुलाकर एसडीएम ने वार्ता के दौरान उन पर पंचायत न करने का दबाव बनाया। बात न मानने पर धमकाया, इससे पदाधिकारियों में गहरी नाराजगी है। जब तक एसडीएम स्वयं आकर वार्ता नहीं करते, तब प्रदर्शन जारी रहेगा।
युवा जिलाध्यक्ष पुनीत मिश्रा ने कहा कि अधिकारियों द्वारा लगातार पंचायत कार्यक्रम निरस्त कराने का प्रयास किया जाता रहा। न मानने पर एसडीएम ने उन्हें धमकाया। उन्होंने प्रशासन से इस मामले की जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हैं। विरोध प्रदर्शन कर रहे पदाधिकारी एसडीएम सदर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।
पंचायत स्थल पर पहुंचे सीओ हरियावां एसआर कुशवाहा व कोतवाल राजकरन शर्मा ने पदाधिकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बन सकी। इधर शाम तक एसडीएम व किसी अन्य अधिकारी के मौके पर न पहुंचने पर पदाधिकारियों ने पंचायत स्थल पर ही अनिश्चित कालीन प्रदर्शन शुरू कर दिया।