हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के बर्रा सराय गांव में सोमवार शाम को घर के बाहर खेल रही छात्रा को कार ने टक्कर मार दी। परिजन छात्रा को पहले सीएचसी टड़ियावां फिर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। इमरजेंसी में डाॅक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया।
थाना क्षेत्र के बर्रा सराय गांव निवासी सर्वजीत किसानी करते हैं। उनकी दो बेटी और एक बेटा है। सर्वजीत ने बताया कि उनकी सबसे छोटी बेटी अर्तिका (10) गांव के प्राइमरी स्कूल में कक्षा चार की छात्रा थी। बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे वह घर के सामने चांदनी के पेड़ के नीचे खेल रही थी। इस बीच कुतुबनगर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार उसे टक्कर मारते हुए भाग गई। गांव के लोगों ने कार सवारों को काफी दूर तक पीछा किया लेकिन वह पकड़ में नहीं आई।
सर्वजीत ने बताया कि कार की टक्कर से अर्तिका गंभीर रूप से घायल हो गई। वह लोग उसे टड़ियावां सीएचसी लेकर गए। वहां से डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में देर शाम को उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। बेटी की मौत से मां सुधा बदहवास हो गईं। पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। थाना प्रभारी इख्तियार खान ने बताया कि परिजन से तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।