मल्लावां। मल्लावां नगर पालिका के अधीन तैनात महिला सफाई कर्मी से मारपीट हो गई। घटना से नाराज पालिका के सफाईकर्मियों ने नगर पालिका परिसर में कार्रवाई की मांग पर प्रदर्शन किया।
कस्बे के मोहल्ला मोहिउद्दीनपुर निवासी मुन्नी देवी ने बताया कि वह नगर पालिका में ठेका सफाई कर्मी है। सोमवार की सुबह छह बजे मोहिउद्दीनपुर में सफाई कर रही थी। इसी दौरान मोहल्ले के एक व्यक्ति ने सड़क पर कूड़ा डाल दिया। मुन्नी देवी ने कूड़ा डस्टबिन में डालने के लिए कहा तो आरोपी नाराज हो गया। अपने बेटे और पत्नी के साथ मिलकर पहले गाली गलौज और फिर मुन्नी के साथ मारपीट करने लगा।
मुन्नी से मारपीट की सूचना मिलते ही सफाई कर्मियों ने काम बंद कर दिया और पालिका परिसर में पहुंचकर प्रदर्शन किया। नगर पालिका के लिपिक संजय कुमार ने कार्यालय पहुंचकर सफाई कर्मियों को समझाया और कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। मल्लावां कोतवाल शेषनाथ सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।