सवायजपुर (हरदोई)। लॉकडाउन में एमपी के सतना जिले में फंसे पंजाब के दो कामगार बुधवार को साइकिल से हरदोई पहुंचे। यहां एक ट्रक चालक ने उन्हें पंजाब तक के लिए लिफ्ट दे दी तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
पंजाब के जिला पटियाला के ग्राम मगहर साहिब के रहने वाले गुरदीप सिंह व पास के ही गांव ताजलपुर निवासी उसका साथी मोहन सिंह मध्यप्रदेश के जिला सतना में कंपाइन मशीन चलाते थे। दोनों लॉकडाउन शुरू होने से पहले ही काम के सिलसिले में सतना पहुंच गए थे। कुछ दिन पहले काम खत्म हुआ तो कंपाइन मालिक ने उन्हें वेतन देकर छुट्टी कर दी। गुरदीप सिंह व मोहन सिंह ने बताया कि काफी विचार के बाद दोनों ने नई साइकिलें खरीदीं और गत शनिवार को घर जाने के लिए एक हजार किलोमीटर से अधिक लंबे सफर पर निकल पड़े। पांच दिन में रुकते ठहरते वह हरियाणा से होकर लगभग 577 किलोमीटर का सफर तय कर बुधवार को हरदोई के कस्बा सवायजपुर पहुंचे। रास्ते में कहीं पुलिसकर्मियों ने तो कहीं समाजसेवियों ने कुछ खाने को दे दिया। यहां सड़क किनारे कुछ देर के लिए आराम कर रहे थे, इस बीच ट्रक चालक को रोककर लिफ्ट मांगी। ट्रक चालक मेहर सिंह भी पटियाला पंजाब के ग्राम कपूरी के रहने वाले हैं। वह कोलकाता से पाइप लेकर पंजाब जा रहे थे। उन्होंने अपनी परेशानी बताई तो ट्रक चालक बिना किसी भाड़े के उन्हें पंजाब तक साथ में ले जाने को तैयार हो गए। दोनों का कहना है कि उनकी तकलीफ काफी हद तक कम हो गई है।