फोटो-18- वैटगंज की गली में जल रहा कूड़ा। संवाद
= सफाई कर्मियों और नगर पालिका के बीच वार्ता विफल, पीएफ के रुपये खाता में दिए जाने की मांग पर अड़े
= नगर पालिका अध्यक्ष और ईओ ने समस्या के समाधान का दिया आश्वासन, पर नहीं माने
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। सफाई कर्मियों और नगर पालिका प्रशासन के मध्य वार्ता विफल रही। सफाईकर्मी मंगलवार को दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। सफाई कर्मियों की हड़ताल से शहर में न तो झाड़ू लगी और न ही कूड़ा उठा। इससे शहर में गलियों के साथ ही अब मुख्य मार्गों के किनारे भी बड़ी मात्रा में कूड़ा एकत्र होता चला जा रहा है।
स्थायी संविदा ठेका सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले प्रोविडेंट फंड (पीएफ) की रकम खातों में जमा कराए जाने की मांग के समर्थन में रविवार को सफाईकर्मियों ने आंदोलन की चेतावनी दी थी। सोमवार से ही शहर में झाड़ू लगाने और कूड़ा उठाने का काम बंद कर दिया था। सफाईकर्मियों की तरफ से काम-काम ठप किए जाने से शहर की सूरत बिगड़ती जा रही है। मंगलवार को सफाईकर्मी नगरपालिका कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और धरना दिया। नगरपालिका परिषद अध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर और ईओ रामेंद्र सिंह पहले धरना स्थल पर आए और साथ बैठ गए। यहां पर उन्होंने हड़ताल समाप्त किए जाने के लिए समझाया। इसके बाद कमांड सेंटर में संघ के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र कुमार उर्फ पचनू के नेतृत्व में सफाईकर्मियों और अध्यक्ष व ईओ के साथ वार्ता भी हुई। सफाईकर्मी पीएफ की रकम खातों में जमा कराए जाने की मांग पर अड़े रहे। अध्यक्ष व ईओ ने जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया लेकिन सफाईकर्मी मांग पूरी होने तक काम पर लौटने को तैयार नहीं हुए। धरनास्थल पर बड़ी संख्या में सफाईकर्मी मौजूद रहे।
फोटो-18- वैटगंज की गली में जल रहा कूड़ा। संवाद
फोटो-18- वैटगंज की गली में जल रहा कूड़ा। संवाद