हरदोई। सब ठीक-ठाक रहा और समय से खरीदारी और स्थापना की प्रक्रिया पूरी करा ली गई तो सांडी क्षेत्र के लोगों को एक्सरे, अल्ट्रासाउंड और अन्य जांचों के लिए जिला मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। शासन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडी पर डिजिटल एक्सरे और अल्ट्रासाउंड मशीन के साथ ही विभिन्न जांचों के उपकरणों की खरीदारी और स्थापना के लिए स्वीकृति जारी कर दी है।
शासन ने चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं पर ध्यान दिया है। सात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डिजिटल एक्सरे मशीन की स्थापना की स्वीकृति के बाद अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडी पर डिजिटल पोर्टेबल एक्सरे, प्रिंटर, अल्ट्रासाउंड मशीन सहित जरुरी जांचों के लिए उपकरण स्थापना की स्वीकृति जारी की है। स्वास्थ्य केंद्र पर सभी सुविधा और सहूलियत उपलब्ध होने से करीब दो लाख से अधिक की आबादी को इससे आसानी हो जाएगी।
स्वास्थ्य केंद्र पर उपकरणों की स्थापना के साथ ही इनके क्रियान्वयन से लोगों को सरकारी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का स्वास्थ्य केंद्र पर ही लाभ मिलना शुरु हो जाएगा। इससे लोगों को समय से जांचों के परिणामों की जानकारी हो जाएगी और इसी अनुसार उपचार भी मिल सकेगा। शासन के विशेष सचिव शिव सहाय अवस्थी ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के महानिदेशक, डीएम और सीएमओ को भेजे पत्र में उपकरणों की स्थापना की स्वीकृति की जानकारी दी है।
शासन ने इसके लिए मदवार 43,18,011 रुपये की स्वीकृति और बजट भी जारी कर दिया है। शासन की ओर से जारी पत्र अधिकारियों को प्राप्त हो गया है। सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने बताया कि इससे सांडी क्षेत्र के लोगों को चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं का समुचित लाभ स्वास्थ्य केंद्र पर ही मिल जाया करेगा।
स्वास्थ्य केंद्र पर जांचों के लिए यह लगेंगे उपकरण
अल्ट्रासाउंड मशीन।
डिजिटल पोर्टेबल एक्सरे मशीन, प्रिंटर।
आटोमेटेड एसवी एनालाइजर।
कोग्लोमीटर।
ईएसआर एनालाइजर।
25 केवीए का डीजल जनरेटर।
यूरीन एनलाइजर।
इलेक्ट्रोलाइट एनालाइजर।