छिबरामऊ चौराहा से राजघाट जाने वाले मार्ग का कुछ इस तरह से हो रहा है कटान। संवाद
- फोटो : HARDOI
बिलग्राम। गंगा नदी के तेज बहाव से कटान बढ़ रही है। मक्कूपुरवा व चिरंजूपुरवा क्षेत्र के लोगों में दहशत है। छिबरामऊ चौराहे से राजघाट संपर्क मार्ग पर सड़क कटने लगी है।
बारिश का मौसम शुरू होने के बाद व बांधों से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण गंगा के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इससे मक्कूपुरवा व चिरंजूपुरवा गांव के किनारे कटान तेज हो गई है। हाल ही में कटान रोकने के लिए सिंचाई विभाग ने चिरंजूपुरवा व राजघाट चौराहे के पास बालू की बोरियां डलवाईं थीं। लेकिन नदी की तेज धार से छिबरामऊ चौराहे से राजघाट चौराहा, चिरंजूपुरवा की आबादी से होकर राजघाट तक जाने वाला डामर मार्ग कटने लगा है। कई जगह सड़क आधी कट चुकी है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इसी रफ्तार से कटान जारी रही तो आबादी का संपर्क टूट जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि कटान तेज होने की जानकारी अधिकारियों को दी गई है। एसडीएम कपिल देव यादव ने बताया कि एहतियात के तौर पर मौके पर राजस्व कर्मियों को तैनात किया गया है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कटान रोकने के लिए आवश्यक कार्य कराने का निर्देश दिया गया है।