हरदोई। सांडी रोड पर शहर कोतवाली क्षेत्र के मेडू के पास बीते 29 मई को सड़क हादसे में घायल सेल्समैन की बुधवार रात मौत हो गई। ट्रैक्टर की टक्कर लगने से सिर के बल गिरे सेल्समैन की हालत में सुधार की गुंजाइश न होने पर चिकित्सकों ने घर ले जाने की सलाह दी थी।
सांडी के रायटोला निवासी रोहित (21) शहर के सर्कुलर रोड स्थित एक बैटरी एजेंसी में सेल्समैन थे। छोटे भाई रंजीत ने बताया कि बीते 29 मई की देर शाम रोहित बाइक से घर वापस जा रहे थे। सांडी रोड पर मेड़ू के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी थी। सिर के बल सड़क पर गिर जाने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। मेडिकल कॉलेज से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया था। वहां हालत में सुधार की गुंजाइश न होने पर चिकित्सक ने घर ले जाने की सलाह दी थी।
बीते नौ जून की रात परिजन रोहित को घर ले आए थे। बुधवार रात अचानक रोहित की तबीयत बिगड़ गई। मेडिकल कॉलेज में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
रोहित की असमायिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रोहित के परिवार में उनकी पत्नी शालिनी और दो छोटे बेटों तन्मय व अर्नव हैं। तन्मय की उम्र करीब 10 साल और अर्नव छह साल का है। दोनों मासूम के सिर से पिता का साया उठ जाने से शालिनी का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।