हरदोई। मनरेगा जॉब कार्डधारक श्रमिकों के भुगतान में देरी पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने चार कार्यक्रम अधिकारियों सहित 12 लोगों के वेतन व मानदेय पर रोक लगा दी है। आदेश दिए हैं कि श्रमिकों के भुगतान की स्थिति में सुधार लाया जाए।
मनरेगा में जॉब कार्डधारकों को ई-मस्टर रोल के पूरा होने के 15 दिन के अंदर भुगतान की प्रक्रिया पूरी किए जाने की व्यवस्था दी गई है। मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना ने बताया कि मनरेगा में भुगतान की समय से प्रक्रिया के बाद भी चार विकास खंडों में दोबारा से भुगतान की प्रक्रिया में भी सुधार नहीं दिखाई दे रहा है।
बताया कि विकास खंड कोथावां, शाहाबाद, टड़ियावां और कछौना में भुगतान की स्थिति में सुधार न होने पर कार्रवाई की गई है। बताया कि इन विकास खंडों में देरी से भुगतान की स्थिति में सुधार के नाम पर न के बराबर की प्रक्रिया पूरी की गई। इस पर यहां के कार्यक्रम अधिकारी, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी और मनरेगा लेखाकार के वेतन पर रोक लगा दी गई है।