हरदोई। विकास खंड स्तर पर संचालित ब्लाॅक संसाधन केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों का वेतन व मानदेय ऑनलाइन उपस्थिति प्रमाण के उपरांत दिया जा रहा है मगर ब्लाॅक संसाधन केंद्र पर बायोमेट्रिक मशीन नहीं है और जहां है वहां पर खराब है। इससे पूरी प्रकिया पर सवाल उठ रहे हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सभी ब्लॉक मुख्यालय पर ब्लाॅक संसाधन केंद्र संचालित हैं। वहां पर खंड शिक्षा अधिकारी के अलावा ब्लॉक लिपिक, ब्लाॅक एमआईएस, ब्लॉक क्वालिटी कोऑर्डिनेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर, लेखाकार, अवर अभियंता, कार्यालय सहायक, एआरपी तैनात हैं। ब्लॉक संसाधन केंद्र पर तैनात सभी कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति के निर्देश हैं। ऑनलाइन उपस्थिति को संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी प्रमाणित कर बेसिक शिक्षा अधिकारी भेजते हैं। उसी के आधार पर वेतन व मानदेय निर्गत किया जा रहा है। हकीकत में अधिकांश में उपस्थिति दर्ज नहीं होती है। वहीं आधे से अधिक बायोमेट्रिक मशीनें खराब हैं फिर भी खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थिति प्रमाणित कर रहे हैं।
-टड़ियावां के प्रतिनिधि को बीआरसी टड़ियावां पर बायोमेट्रिक मशीन लगी नहीं मिली। मशीन के स्थान पर अलमारी रखी थी। वहां मौजूद कोई कर्मचारी तीन-चार दिन से बायोमेट्रिक मशीन खराब होने की बात कर रहा था। कोई भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका।
-हरियावां के प्रतिनिधि को ब्लाॅक संसाधन केंद्र हरियावां पर बायोमेट्रिक मशीन ही नहीं लगी मिली। वहां पर मौजूद एकमात्र कर्मचारी ने बताया कि यहां पर अभी तक बायोमेट्रिक मशीन नहीं लगी है।
- कछौना प्रतिनिधि के अनुसार, बीआरसी कछौना पर बायोमेट्रिक मशीन तो लगी दिखी मगर वह सही से काम नहीं कर रही है। इस बारे में कोई कुछ स्पष्ट नहीं बता सका।
-संडीला प्रतिनिधि के अनुसार, बीआरसी संडीला में मशीन लगी मिली मगर कर्मचारी नहीं मिले।
सभी बीआरसी पर बायोमेट्रिक मशीन से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश हैं अगर बायोमेट्रिक मशीन काम नहीं कर रही है और आख्या आ रही है तो इसकी जांच कराई जाएगी। -श्याम किशोर तिवारी, सहायक शिक्षा निदेशक, षष्ट मंडल