फोटो 22: ब्लॉक अहिरोरी का निरीक्षण करतीं सीडीओ नेहा ब्याडवाल, साथ में डीडीओ, बीडीओ व अन्य। स्रो
हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने बुधवार को ब्लॉक अहिरोरी का निरीक्षण किया। खामियों और लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की। इसके लिए दो एडीओ सहित तीन कर्मचारियों का नवंबर माह का वेतन भुगतान रोक दिया।
सीडीओ ने ब्लॉक कार्यालय व परिसर का निरीक्षण किया। प्रेरणा कैंटीन का संचालन संतोषजनक नहीं मिला। उप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी व्यवस्थाओं और रखरखाव में भी कमियां मिलीं। सीडीओ ने सहायक विकास अधिकारी ग्राम विकास पंकज कुमार का नवंबर माह का वेतन रोक दिया। निर्देशित किया कि एक सप्ताह के अंदर प्रेरणा कैंटीन का सुचारु संचालन सुनिश्चित कराएं और इसकी फोटोयुक्त आख्या उपलब्ध कराएं।
ब्लॉक परिसर में घास खड़ी मिलने और तालाब की समुचित साफ-सफाई न कराए जाने पर नाराजगी जाहिर की। इसके लिए सहायक विकास अधिकारी पंचायत मेवाराम का नवंबर माह का वेतन रोक दिया। स्टोर रूम में अभिलेखों, निष्प्रयोज्य सामग्री और अलमारियों का रखरखाव ठीक नहीं मिला। स्टोर कीपर विशाल सिंह का भी नवंबर का वेतन रोक दिया। उन्होंने पुराने और जर्जर शौचालयों, आवासीय भवनों की नीलामी की कार्रवाई लंबित होने पर असंतोष जताया। बीडीओ को निर्देश दिए कि तत्काल मूल्यांकन कराकर नीलामी और ध्वस्तीकरण कराया जाए।
उन्होंने प्रशासनिक भवन में प्रकाश की समुचित व्यवस्था न होने पर आपत्ति जताई। सुधार के निर्देश दिए। बीडीओ को फील्ड कर्मचारियों की नियमित भ्रमण पंजिका में विवरण दर्ज कराने और कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। सर्विस बुक, जीपीएफ पासबुक, गार्ड फाइल, निरीक्षण पंजिका और ग्रांट रजिस्टर आदि का निरीक्षण किया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख धर्मवीर सिंह पन्ने, डीडीओ कमलेश कुमार, बीडीओ कामरानी नेमानी, एडीओ पंचायत मेवाराम, एडीओ ग्राम विकास पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।