बिलग्राम। जिले में लगातार साइबर अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। बिलग्राम के वरिष्ठ नागरिक और सेवानिवृत्त कर्मी मिट्ठू लाल सदर बाजार के खाते से जालसाजों ने 9500 रुपये निकाल लिए गए। इससे पूर्व में कई के खातों से पैसे निकाले जा चुके हैं।
पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि नौ बार में उनके खाते से 9500 रुपये निकल गए। इसके पहले उनके पास एक अज्ञात महिला का फोन आया था। उसने कहा कि वह बैंक से बोल रही हैं। उसने मोबाइल में आए ओटीपी के बारे में पूछा।
इसके बाद उनके खाते से रुपये निकल गए। इससे पहले मोहल्ला कासुपेत निवासी आरती देवी के खाते से सवा दो लाख रुपये से अधिक केनरा बैंक की बिलग्राम शाखा से निकल गए थे।
नवंबर माह में सहोरा थाना सांडी के प्रदीप कुमार से बैंक खाते से 49,500 रुपये निकाल लिए गए थे। प्रभारी निरीक्षक फूल सिंह ने बताया कि बैंकों से फुटेज लेकर जांच की जा रही है।