पचदेवरा। थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में एक व्यक्ति के किसान क्रेडिट कार्ड से 3.40 लाख रुपये की चपत लग गई। उनके मोबाइल पर खाते से लेनदेन की कोई जानकारी नहीं आई। बैलेंस की जानकारी करने के दौरान उन्हें ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने बैंकिंग सेवाएं बंद कराईं और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। पचदेवरा थाने पहुंच कर अज्ञात पर कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
गांव निवासी अवनीश कुमार ने बताया कि वह नोएडा में टैक्सी चलाते हैं। सात अक्तूबर को बैंक ऑफ बड़ौदा की शाहजहांपुर जिले की इस्लामगंज शाखा से किसान क्रेडिट कार्ड से ऋण के पांच लाख रुपये उनके खाते में आए थे। काम के सिलसिले में उनके पास अनजान नंबरों से कॉल और मैसेज भी आते हैं। बताया कि बीते 19 अक्तूबर की सुबह करीब नौ बजे बाजार में खरीदारी के दौरान मोबाइल से रुपये भेजने के लिए उन्होंने खाते का बैलेंस देखा।
इस दौरान खाते में रकम कम होने की जानकारी मिली। इसके बाद वह दिल्ली के मयूर विहार स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा पहुंचे और पासबुक में लेनदेन का विवरण दर्ज कराया। इससे खाते से करीब 3.40 लाख रुपये निकलने की पुष्टि हुई। उन्होंने बैंक खाता, एटीएम और फोन-पे की सेवाएं बंद करा दीं। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।