भरावन। शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ढाई लाख रुपये ठगे जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अतरौली थाना क्षेत्र के बम्हनौआ पेंग निवासी गोविंद प्रसाद ने पुलिस में शिकायत की। बताया कि शानवी वाधवा नाम की महिला ने उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा था। इसके बाद एनएसी, बीएसी और आईपीओ के नाम पर ट्रेडिंग कराई। दावा है कि इस दौरान उनसे किस्तों में ढाई लाख रुपये जमा करा लिए गए।
बताया कि जिन खातों में रुपये जमा कराए गए वह बैंक ऑफ इंडिया में संचालित हैं। यह खाते रामधीन ट्रेडर्स, रामसिया ईकॉम ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड और एल्युमीनियम इंटरप्राइजेज नाम से संचालित हैं। आरोप है कि सिक्योरिटी के नाम पर रकम जमा कराने के लिए कुछ कागज भेजे गए। सर्विस फीस के नाम पर 13,07,502 रुपये जमा कराने की मांग की गई। शंका होने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत की। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।