हरदोई। मनरेगा के संविदा कर्मियों को आठ माह के बकाया मानदेय मिलने की उम्मीद है। भारत सरकार के ग्रामीण विकास और पंचायतीराज मंत्रालय ने मानदेय भुगतान के लिए 1.35 करोड़ रुपये जिले को दे दिए हैं। संविदा कर्मियों के मानदेय भुगतान की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है।
मनरेगा में संविदा कर्मियों को करीब आठ माह से मानदेय का भुगतान नहीं मिला है। वहीं साल 2021-22 से अब तक के वर्षों में भी बीच-बीच के माह के मानदेय का भुगतान भी कर्मियों का बकाया है। कार्यक्रम अधिकारियों के माध्यम से संविदा कर्मियों के बकाया मानदेय का विवरण जुटाया जा रहा है। कार्यक्रम अधिकारियों से बकाया का विवरण वर्षवार और कर्मीवार जुटाया जा रहा है, ताकि बकाया का भुगतान समय से दिया जा सके।
श्रम रोजगार उपायुक्त रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि संविदा कर्मियों के बकाया मानदेय के भुगतान की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। कार्यक्रम अधिकारियों से मिलने वाले विवरण को मनरेगा पोर्टल पर प्रशासनिक व्यय में फीड कराया जा रहा है। ताकि कर्मियों के मानदेय का भुगतान समय उनके खातों में भेजा जा सके।