हरपालपुर। सांडी थाना क्षेत्र में हूंसेपुर गांव के पास चौसार से हरदोई जा रही रोडवेज बस के चालक को बोलेरो सवार लोगों ने रुकवा लिया। बस के अंदर घुसकर चालक, परिचालक और सवारियों को पीट दिया। परिचालक और तीन सवारियों से कुल 21500 रुपये लूट लिए। घटना से जुड़ा चालीस सैकेंड का वीडियो भी वायरल हुआ है। वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
अरवल थाना क्षेत्र मस्तापुर निवासी शैलेंद्र सिंह रोडवेज बस चालक हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार की सुबह लगभग 11 बजे चौसार से हरदोई जाने को बस लेकर निकले थे। बस में परिचालक चौसार निवासी जनार्दन तिवारी भी थे। बताया कि सांडी थाना क्षेत्र में लमकन पुल के पास हूंसेपुर गांव के सामने बोलेरो सवारों ने बस का ओवरटेक किया और बस रुकवा ली। बोलेरो से उतरे लोग जबरन बस में चढ़ आए। चालक और परिचालक की पिटाई कर दी।
परिचालक का दावा है कि उसके बैग से 4800 रुपये बस में सवार यात्री श्लोक त्रिपाठी से छह हजार रुपये, रवि दीक्षित से 2500 रुपये और संतोष कुमार से 8200 रुपये लूट लिए। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना में शिकायत भी शैलेंद्र और जनार्दन ने पुलिस से की है। प्रभारी निरीक्षक बसंतराम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पूरे मामले की जांच हो रही है।