सण्डीला। ब्लॉक के टिकरा बरार गांव के लोगों का कहना है कि उनके गांव के लोग गांव से मुन्नू खेड़ा होते हुए सांक तक पक्की सड़क बनवाने की 15 वर्षों से लगातार करते चले आ रहे हैं।
अब तक उन्हें आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला, जबकि वह लोग शासन-प्रशासन को भी इस सड़क के लिए मांग पत्र भेज चुके हैं। सलमान, मोहम्मद वसीम, अतीक, इसरार, नफीस, मुनीर, लल्लन, सहाबू, मनारे आदि का कहना है कि गांव से शहर जाने का यही एक मात्र रास्ता है।
फिर भी किसी ने ध्यान नहीं दिया। चुनाव के समय जब लोग वोट मांगने आए तो भी ग्रामवासियों ने मांग उनके सामने रखी, फिर भी सड़क नहीं बनी।
बुधवार को जब ग्रामवासियों ने मतदान का बहिष्कार कर नारेबाजी शुरू की तो पूर्व एमएलसी अब्दुल हन्नान पहुंचे और चुनाव के बाद सड़क बनवाने का आश्वासन दिया।
तब लोगों ने वोट डालना शुरू किया। ग्रामवासियों का कहना है कि 16 सालों में तो सड़क बनी नहीं, देखो कब बनती है। सांसद अशोक रावत का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद विचार किया जाएगा।