पिहानी। स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में उच्चतम रैंकिंग लाने के लिए अभी से सभी को प्रयास करने हैं। कबाड़ से जुगाड़ और बेकार को आकार को बेहतर स्वरूप देना है। इसके बेहतर प्रदर्शन पर इनाम भी मिलेगा।।
शुक्रवार को नगर पालिका परिषद के सामुदायिक भवन में स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए स्वच्छ सारथी क्लब के सदस्यों की द्वितीय कार्यशाला हुई। पालिकाध्यक्ष शाहीन बेगम ने अध्यक्षता की।अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह ने मेरा आंगन-मेरी हरियाली अभियान की जानकारी दी। सभी से कहा कि घर व विद्यालय में बोतल, डिब्बा व कंटेनर आदि में पौधरोपण करें और इसकी विद्यालय के नोडल अध्यापक को भेजें। सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग पर रोक लगाने का आह्वान किया।
स्वच्छ भारत मिशन नगरीय के जिला परियोजना प्रबंधक पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि विद्यालय की साफ-सफाई पर ध्यान दें। घर से निकलने वाले गीले कचरे से घरों में होम कंपोस्टिंग करे और दूसरों को जागरूक किया जाए। पर्यावरण संरक्षण पर कार्य करने की भी अपील की। पालिकाध्यक्ष ने क्लब के सदस्यों व अन्य लोगों से पर्यावरण संरक्षण व कचरा न्यूनीकरण अभियान में सहभागिता अपील की।
उन्होंने क्लब के सदस्यों को प्रदर्शन के आधार पर पुरस्कृत करने की घोषणा की। स्वच्छ स्कूल रैंकिंग के लिए पालिका की ओर से क्लब सदस्यों को ग्रीष्मकालीन अवकाश में स्वच्छता विषय पर पांच बिंदुओं पर होमवर्क के लिए टेस्ट पेपर भी दिया गया। आगामी सत्र में इसका मूल्यांकन कर सदस्यों को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यशाला में राजकीय महाविद्यालय, राजकीय बालिका इंटर काॅलेज, भारतीय इंटर कॉलेज, हामिद अली इंटर कालेज, सेंट जेवियर्स स्कूल और सर्वेश जनसेवा स्कूल के सदस्य, नोडल अध्यापक व पालिका स्टॉफ मौजूद रहा।