फोटो-द्वारिका प्रसाद। फाइल फोटो
बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र के उन्नाव-कटरा मार्ग पर नाउपुरवा के पास मंगलवार दोपहर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। मौके पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर समेत मौके से भाग गया।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम धोंधी के मजरा नाउपुरवा निवासी द्वारिका प्रसाद (67) सेवानिवृत शिक्षक थे। उनकी पत्नी सुमन देवी के मुताबिक, द्वारिका प्रसाद मंगलवार सुबह बाइक से किसी काम से बिलग्राम गए थे। दोपहर के समय वह वापस गांव आ रहे थे। इस दौरान बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पसनेर के मजरा नाउपुरवा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। परिवार में पत्नी और चार पुत्र हैं। कोतवाल अरविंद राय ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाया गया है। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की पहचान की है। ट्रैक्टर और चालक की तलाश की जा रही है।