‘क्यू नहीं समझते वो लोग कि ईश्वर का अनमोल तोहफ ा होती हैं बेटियां, क्योंकि बहुत ही प्यारी होती हैं बेटियां, क्यों देते हैं तकलीफ उस रूह को, जो सब कुछ छोड़ दूसरों की हो जाती हैं’ हाथों में तख्तियां लेकर कुछ ऐसी ही पंक्तियों को दोहराते हुए बुधवार को स्कूली छात्राओं ने शहर के प्रमुख मार्गों पर रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। जागरूक लोगोें ने बेटी बचाओ का संकल्प लेकर बेटी ही बचाएगी अभियान को आगे बढ़ाने की बात कही।
राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत गर्ल्स चाइल्ड डे के अवसर पर एक रैली का आयोजन गांधी भवन से किया गया। रैली को चिकित्साधिकारी डा. वीके गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली गांधी मैदान से नुमाइश चौराहा, सोल्जर बोर्ड चौराहा तथा कचहरी रोड होते हुए गांधी भवन में समाप्त हुई।
रैली में आर्य कन्या इंटर कालेज, वेणी माधव इंटर कालेज, आरआर इंटर कालेज तथा राजकीय इंटर कालेज के छात्र/छात्राओं ने भाग लिया। रैली के बाद गांधी भवन हाल में गर्ल्स चाइल्ड डे पर वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. वीके गुप्ता ने कहा कि समाज में बेटियों का बहुत बड़ा महत्व है। इनके बिना किसी शुभ कार्य की कामना नहीं की जा सकती। आज देश में घट रही बेटियों की संख्या चिंता का विषय है।
मिशन कार्यक्रम के अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह ने बताया कि पिछले कई वर्षों में जिले की मातृ-शिशु मृत्यु दर काफी बढ़ी है जो चिंता का विषय है। जिले में छह वर्ष तक की बालिकाओं की संख्या में काफी गिरावट आई है।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में वेणी माधव इंटर कालेज की शौम्या सिंह प्रथम, साक्षी सिंह द्वितीय एवं आर्य कन्या इंटर कालेज की अंकिता शुक्ला को तृतीय स्थान मिला।
विजय प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र सीएमओ ने प्रदान किए। इस मौके पर डा. अश्विनी कुमार, विजय सिंह, आरपी रावत, एके गुप्ता, राम गोपाल, प्रेम कुमार यादव आदि चिकित्सक व शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।