फोटो-04- मेडिकल कॉलेज की पैथोलॉजी के बाहर जांच रिपोर्ट लेने को खड़े मरीज। संवाद
- जांच रिपोर्ट के लिए सेंट्रल लैब के बाहर लग रही भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लैब में मरीजों की रिपोर्ट के लिए काफी परेशान होना पड़ रहा है। मरीजों के सैंपल लिए तीन दिन गुजरने के बाद भी जांच रिपोर्ट नहीं मिल पाई है। इससे मरीज और उनके तीमारदारों को काफी परेशान होना पड़ रहा है। रिपाेर्ट के लिए लैब के बाहर काउंटर पर भीड़ भी काफी लग रही है।
बीमारी का पता लगाने के लिए चिकित्सक मरीजों की जांच लिखते हैं ताकि उनका इलाज किया जा सके, लेकिन मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लैब में तीन दिन बीतने के बाद भी मरीजों की जांच नहीं मिल पाई है। इस कारण से कई मरीजों को इलाज नहीं शुरू हो पाया है। शुक्रवार को भी सुबह लैब के बाहर काउंटर पर मरीज व तीमारदारों की लंबी लाइन लगी रही।
लाइन में लगे राहुल ने बताया कि उन्होंने 4 मार्च को जांच कराई थी लेकिन शुक्रवार 7 मार्च को भी रिपोर्ट नहीं मिली। आज भी बताया गया कि अभी रिपोर्ट नहीं बन पाई। इसी प्रकार लाइन में लगीं बबिता ने बताया कि बुधवार को जांच के लिए सैंपल दिया था। शाम को जांच रिपोर्ट मिलने की बात कही गई। लेकिन अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है। इससे परेशान होना पड़ रहा है। ऐसे तमाम लोग लाइन में अपनी रिपोर्ट का इंतजार करते मिले। प्राचार्य डॉ. जेविन बिष्णु गोगाेई ने बताया कि जानकारी करने पर पता चला कि प्रिंटर में कोई तकनीकी खराबी आई है उसे तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए हैं।